Friday, 11 December 2015

unmadini yashoda 110

🔆          [जय गौर हरि]            🔆

▪        [उन्मादिनी यशोदा-110]  ▪

🔅मईया का वीणा-बिनिन्दक स्वर,इसका यह तन्मय होकर पुलकित गायन ! यही स्वर,यही गायन है कि इसके आरम्भ होते ही आकाश मेँ उड़ते पक्षी तक मईया के आँगन मेँ उतर आते थे। दूर कूदते , खेलते बन्दर सब छोड़कर दौड़ आते थे। मईया के आँगन मेँ गोपियोँ का ही नहीँ, पशु-पक्षियोँ तक का ठट्ट लग जाता था। सब नीरव, सब निस्पन्द, सब तन्मय जैसे सब मूर्तियाँ होँ। मईया जब अपने गायन से सचेत होती थी तो अपने आँगन की भीड़ देखकर मुस्करा उठती थी। गोपियोँ से पूछती कि वे क्योँ आयी हैँ। पशु-पक्षियोँ को, बन्दरोँ को कुछ आहार देने को उठाती--'तुम सबको भूख लगी है? तुम बोलकर क्योँ नहीँ माँगते।'

▪कोई भी गोपी कहती मईया हम सब और यह सब भी आपका गीत सुनने आये हैं।

🔅'चल! बन्दर और पक्षी गीत सुनते होँगे।' मईया को यह भी नहीँ लगता था कि गोपियाँ भी सचमुच उसका गायन सुनने आयीँ हैं। मईया दूसरे के लिए कभी कहाँ गाती है। यह तो कहती है--'मुझे कहाँ गाना आता है। मैँ तो यूँ ही गुनगुना रही थी।'

▪अब वही स्वर, वही कण्ठ, वही संगीत; किन्तु गोपियाँ अश्रु पोँछती हैँ। पक्षी उड़ना त्यागकर पंखोँ मेँ मुख दुबका लेते हैँ। बन्दर तक मुख लटलाकर बैठ जाते हैँ। लताएँ आँसू के समान पुष्प, पत्ते गिराने लगती हैँ। लेकिन मईया को कोई टोकने का साहस नहीँ कर पाता। इस दुखिया का यह दो क्षण का सुख''''।

🔄क्रमश:

▪[श्री राधारमणाय समर्पणम्] ▪

🔆▪🔆▪🔅▪🔆▪🔆

unmadini yashoda 109


🔆          [जय गौर हरि]            🔆

▪       [उन्मादिनी यशोदा-109]  ▪

🔅 गोपियों मेँ चर्चा चल पड़ती है--'बेचारी वृषभानु-नन्दिनी! इस घर मेँ बहू होकर आने की कितनी आशा, कितनी उमंग थी उसमेँ। वह भुवनसुन्दर,कुसुम-कोमल भोली बालिका। कन्हैया कितना सम्मान करता था उसका। अब उसकी ओर देखा नहीँ जाता। वह तो कमल-पत्र पर की बूँद हो रही है, अब ढुलकी तब ढुलकी। उससे कीर्तिरानी तक आश्वासन के भी दो शब्द नहीँ कह पातीँ। कहीँ उसकी कोई सखी आ जाय इतने मेँ? गोपियोँ को यह आशंका कम्पित कर देती है।

▪बरसाने की बालिकाएं भी व्याकुल होने पर इन ब्रजेश्वरी के अंक मेँ ही तो मुख छिपाकर रुदन करने भागती हैं। इनका यह उंमग संगीत सुन कर ह्रदय फटे बिना रहेगा? इस गायन की तनिक चर्चा कीर्तिकुमारी के कानोँ मेँ पड़ जाय तो प्राण बचेँगे उनके?

🔅मईया को रोका भी नहीँ जा सकता। इतना निर्दय कोई कैसे होगा कि इस दुनिया का यह चार क्षण का मानसिक सुख भी इससे छीन ले।

▪मईया गाती है। ऐसे ही किसी मनोभ्रम की उमंग मेँ गाती है। तब तक गाती है-जब तक निर्दय नियति इसे उस भ्रम से सचेत न करदे।

🔅अपने ही तकिये पर झीना दुकूल डालकर उसे अंक से सटाये,अथवा उससे सटी बैठी,उसे थपथपाते,उसे अपना नन्हा पुत्र समझकर मईया अनेक बार उसे सुलाने का प्रयत्न करती लोरी गाती है---

▪सो जा! सो जा मेरे मुन्ने,मेरे! कुँवर कन्हाई सो जा।

▫अरे, जुन्हैय मेरे आँगन तुझे सुलाने आयी॥

▪चिड़िया सोयीँ, मोर सो गए, सोए सभी कबूतर।

▫मईया सोयी-बछड़े सोये,सोये तरु पर बन्दर॥

▪आ जा,आ जा,निँदियारानी मोहन तुझे बुलाता।

▫तू आयी क्या? लाल को मेरे आयी अहो जम्हाई॥

▪मेरा श्याम सो रहा अपनी सुन्दर पलकें मूँदे।

▫पंखा झल दूँ, झलकी मुखपर नन्हीँ-नन्हीँ बूँदे॥

▪मैँने त्रिभुवन की निधि पाई,मेरे सो जा कुँवर कन्हाई॥

🔄क्रमश:

▪[श्री राधारमणाय समर्पणम्] ▪

🔆▪🔆▪🔅▪🔆▪🔆

unmadini yashoda 108

🔆           [जय गौर हरि]            🔆

▪        [उन्मादिनी यशोदा-108]  ▪

▫ 'विवाह करेगा, विवाह करेगा।

▪गोपाललाल मोहन विवाह करेगा॥

▫वृषभानुनन्दिनी-सी बहू अहा, वरेगा।

▪कीर्तिरानी मोहन की मनुहार करेँगी॥

▫मेरी बहू की सखियाँ मेरा आँगन भरेँगी।

▪सुख, शोभा, सौन्दर्य सभी से गेह भरेगा।

▫मेरा लाल मनोरथ मेरे पूरा करेगा॥

▪पैर छुएगी दोनों कर मेँ आँचल लेकर राधा।

▫जुगजुग जीए मोहन मेरा मुझे कौन सी बाधा॥

▪साध मेरी सब जीवन की पूरी करेगा।

▫गोपाल लाल मोहन, विवाह करेगा॥

🔅मईया ताली बजा-बजाकर गा रही है। इतनी आनन्द मग्न से गा रही है कि जैसे अभी उठकर नाचने लगेगी। गोपियों को आश्चर्य नहीँ है; किन्तु वह सब जान-बूझकर तनिक दूर हट जाती हैँ। सब जानती हैँ कि ब्रजेश्वरी इस समय ऐसा समझती है कि उनका लाल वन मेँ गोचारण करने गया है।

▪'इतनी उमंग, इतनी अभिलाषा और विधाता ने कितनी निष्ठुरता की इनके साथ!' गोपियाँ छिपाकर आँसू पोँछती हैं। जानती हैँ कि उनकी स्वामिनी की यह उमंग देर तक नहीँ टिक सकती।

🔅अभी क्रूर विधाता कोई निमित्त भेज देगा और जब इन्हेँ स्मरण आयेगा कि इनके गोपाल लाल मोहन तो ब्रज मेँ ही नहीँ हैँ, इस उमंग के मग्न होने की व्यथा कितनी दारुण होगी।

🔄क्रमश:

▪[श्री राधारमणाय समर्पणम्] ▪

🔆▪🔆▪🔅▪🔆▪🔆

unmadini yashoda 107

🔆           [जय गौर हरि]            🔆

▪        [उन्मादिनी यशोदा-107]  ▪

🔅मईया तनिक गम्भीर दीखने लगती है। 'मैँ कन्हैया को स्पर्श नहीँ कर सकूँगी? नहीँ स्पर्श तो नहीँ करुँगी। भूतनी उसे कैसे स्पर्श करेगी?'

▪मईया फिर हँसने लगती और कहती है--'मैँ उसे देख सकूँगी। देखती रहूँगी और वह मुझे नहीँ देखेगा। वह अपने काम मेँ लगा रहेगा। उसे पता भी नहीँ लगेगा कि उसकी मईया उसके समीप ही है।'

🔅सबके समीप मईया को सावधान करने की यही बात है--वह सुनेगा कि आपने उनके वियोग मेँ देह त्याग दिया, तब ?

▪'कौन कहेगा उससे? द्वारिका तो सुना बहुत दूर है।' मईया जैसे कुछ सोचने लगती है--'भूत प्रेतों को तो दूर जाने मेँ श्रम नहीँ होता? मुझे कौन सा वहाँ जाकर फिर यहाँ लौटना है। मुझे कोई ऐसी अकेली जाने नहीँ देता। कोई मुझे मेरे लाल तक ले नहीँ जाता। मैँ मरकर भूतनी बनूँगी, तब मुझे कोई रोक नहीँ सकेगा।'
'मैँ कन्हैया के समीप जाऊँगी। कोई मुझे रोक नहीँ सकेगा। मईया हँस रही है, हँसे जा रही है। रुदन से भी भयानक इनकी हँसी-गोपियाँ , सेविकाएँ, स्तब्ध,भीत,शंकित हैं। समझ नहीँ पाती हैँ कि वे अपनी स्वामिनी को कैसे सावधान करेँ। ब्रजेश्वर को बुलाये बिना उपाय नहीँ।

🔅बाबा भरे कंठ से कहते हैँ--'महर! तुम मुझे छोड़कर चली जाओगी?'

▪'महर! इस ब्रज मेँ धरा क्या है? तुम भी चलो। 'मईया हँस रही है--'हम कन्हैया के पास जायँगे। हम दोनों मरकर भूत-भूतनी बनकर उसके पास चलेँगे।'

🔅बाबा अपना अमोघमन्त्र दुहराते हैँ--महर! वह आयेगा-यहाँ ही आयेगा।' और सुनेगा कि मेरे वियोग मेँ मेरे बाबा और मईया रो-रोकर, तड़प-तड़प-कर मर गये, तब क्या दशा होगी उसकी?'

▪'नहीँ! नहीँ!नहीँ!' मईया चीत्कार कर उठती है। इसका हास्य विदा हो जाता है।

🔄क्रमश:

▪[श्री राधारमणाय समर्पणम्] ▪

🔆▪🔆▪🔅▪🔆▪🔆

unmadini yashoda 106

🔆            [जय गौर हरि]            🔆
▪        [उन्मादिनी यशोदा-106] ▪

🔅भगवान भूतनाथ के मुख्यगणों मेँ भी कोई ऐसे नहीँ हैँ जो मईया की छाया भी छू सके, सामान्य भूतप्रेत चर्चा व्यर्थ है। मईया का जो कोई स्मरण करेगा और वहाँ भूत-प्रेत टिकेगा? मईया भूतनी हो तो ब्रह्मा की सृष्टि मर्यादा बनी रहेगी? लेकिन मईया यह सब सुनने-समझने की स्थिति मेँ नहीँ है।

▪गोपी बेचारी मईया को समझाना चाहती है कि --'मैँने अनेक मुनियों से सुना है कि आपके लाल का स्मरण करते जो शरीर छोड़ता है, वह उनके लोक जाता है।'

🔅मईया हँसती हुई कहती है--'उसका लोक क्या? वह कहीँ द्वारिका मेँ ही तो है।' मैँ भूतनी होकर उसके समीप ही जाना चाहती हूँ।

▪'कन्हैया चलेगा तो मैँ उसका पथ बुहार दिया करुँगी। कोई मुझे नहीँ देखेगा।' मईया अपनी धुन मेँ है--'वह धूप मेँ निकलेगा तो मेघ बनकर उस पर छाया किये चलूँगी। वह सो जायेगा तो उसे व्यजन करुँगी। मैँ उसे देखती रहूँगी-देखती रहूँगी, पर वह मुझे नहीँ देखेगा। मैँ उसके लिए तनिक भी बाधा नहीँ बनूँगी।'

🔅'मैँ उसके आँगन मेँ कोकिल बनकर कुकूंगी। मैना बनकर 'कन्हैया' कहकर उसे पुकारुँगी। मईया हँसी जा रही है। इसे अपने लाल के सान्निध्य मेँ भूतनी बनकर पहुँच जाने की कल्पना बहुत विचित्र, बहुत सुखद लगती है।

🔄क्रमश:

▪[श्री राधारमणाय समर्पणम्] ▪

🔆▪🔆▪🔅🔅▪🔆▪🔆

unmadini yashoda 105

🔆           [जय गौर हरि]            🔆

▪       [उन्मादिनी यशोदा-105]  ▪

🔅वियोग और हास्य? वेदना मेँ हँसी? समझ मेँ आता है कुछ? समझ मेँ आये या न आये: किन्तु मईया हँसती है, अनेक बार हँसती है। विचित्र हँसी हँसती है , हँसने लगेगी तो देर तक हँसती ही रहेगी।

▪मईया का स्वभाव कभी खुलकर हँसने का नहीँ यह तो केवल मुस्कराती है; किन्तु यदि कभी हँस पड़े तो लगता है कि चाँदी की घंटियाँ बज उठी हैँ। मईया की दन्तपंक्ति की किरणों से उस समय इनके लाल के पतले अधर दुग्धोज्वल हो उठते हैँ। अनेक बार शैशव मेँ कन्हैया इन्हेँ इसलिए गुदगुदाता था कि इनकी मधुर हास्य-ध्वनि सुनने को मिले।

🔅गोपियाँ कहती हैँ--'कन्हैया को माता-पिता से रंग-रुप कुछ नहीँ मिला है; किन्तु हँसी इन्हेँ अपनी माता की मिली है। ब्रजेश्वरी जैसी ही मधुर हास्य-ध्वनि और वही दन्तकान्ति।'

▪मईया को अपने लाल की कोई बात स्मरण आती हो और यह तब हँसती हो, ऐसी बात नहीँ है । यह तो ऐसी बातें सोचकर हँसने लगती है कि इनका हास्य इनके रुदन से अधिक आशंकाप्रद हो गया है।

🔅मईया गोपी से पूछती है---'क्यो री! मैँ ऐसे ही मर जाऊँ तो भूतनी बनूँगी? सुना है कि जिसका मन यहीँ किसी मेँ लगा रहता है, वह मरकर भूत बनता है।' मेरा लाल मुझसे डरेगा तो नहीँ?'

▪गोपी कातर होकर कहती है-'आप यह सब क्या सोचने लगी हैँ?'

🔅मईया हँसने लगी है-मैँ अपने कन्हैया को डराऊँगी नहीँ।' मैँ उसका स्पर्श भी नहीँ करुँगी। भूतनी के स्पर्श से तो अनिष्ट होता है: किन्तु मैँ भूतनी बनूँगी।'

🔄क्रमश:

▪[श्री राधारमणाय समर्पणम्] ▪

🔆▪🔆▪🔅▪🔆▪🔆

unmadini yashoda 104

🔆           [जय गौर हरि]            🔆

▪       [उन्मादिनी यशोदा-104]  ▪

🔅 गोपियाँ व्याकुल होकर इधर-उधर दौड़ती हैं। कन्हैया का पटुका,वंशी,मयूरपिच्छ जैसा कुछ लाकर मईया के सामने करती हैँ और कहती हैं --'ब्रजेश्वरी! यह क्या है? इसे पहचानती हो?'

▪मईया अपने लाल के वस्त्र,वंशी,आभरण नहीँ पहिचानेगी? वह झपट लेती है और दोनोँ हाथों से ह्रदय से दबा लेती है--'कन्हैया!'

🔅मईया फिर भी चेतना-शून्य हो जाती है। प्राय: ऐसे समय मेँ इसकी शून्यता दूसरों को कम आशंकित करती है। अश्रु प्रवाह नेत्र के कोनों से चलने लगता है। शरीर से स्वेदधारा भी चलती है और कम्प भी होता है। लेकिन रोम-रोम उत्थित हो जाता है।देह से जैसे प्रकाश की किरणें फूटने लगती हैं। अंगकान्ति बहुत बढ़ जाती है। कभी-कभी मुख की ज्योति इतनी बढ़ जाती है कि इसकी ओर देखा नहीँ जाता। वैसे तब भी संज्ञा शून्य ही रहती है।

▪सेविकाएँ, गोपियाँ भी चकित देखती रह जाती हैँ। इस अवस्था मेँ मईया को स्पर्श करना,हिलाना,पुतारना कुछ सम्भव नहीँ होता। गोपियों को लगता है कि मईया मेँ कोई देवी आविष्ट हो गयी है। वह हाथ जोड़ती हैं, भूमि पर मस्तक पर प्रणाम करती हैँ। इन सबको कौन समझाये कि मईया से बड़ी कोई देवी कहीँ है ही नहीँ। यह स्वयं महाशक्ति है।

🔅मईया की शून्यता कितनी देर रहेगी, कोई कह नहीँ सकता। कभी बहुत देर भी होती है।तब गोपियाँ इसके चारों और एकत्र हो जाती हैं ताली बजा-बजाकर गाने लगती हैं--

🔺'नीलमणि श्यामसुन्दर गोपाल गोविन्द!'

▪यह कीर्तन मईया को सचेत करता है। बहुत धीरे-धीरे संज्ञा  लौटती है। इधर-उधर देखेगी और शिथिल स्वर मेँ पूछती--'कन्हैया गोचारण करने गया? मुझे क्या हो गया था? तुम सबने जगाया क्योँ नहीँ? वह कलेऊ कर गया?

🔄क्रमश:

▪[श्री राधारमणाय समर्पणम्] ▪

🔆▪🔆▪🔅▪🔆▪🔆